Sakshatkar.com- Filmidata.com - Sakshatkar.org

‘इंडिया न्यूज’ में हुआ दो का प्रमोशन, मिली ये जिम्मेदारी...



आईटीवी नेटवर्क के ‘इंडिया न्यूज’ चैनल में प्रमोशन की दो बड़ी खबरें सामने आईं हैं। लंबे समय से कार्यरत दो पत्रकार अजय कुमार निगम और यतेंद्र शर्मा को प्रमोट कर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। अजय कुमार को अब रीजनल असाइनमेंट का एडिटर बनाया गया है। वे इसके पहले तक भोपाल में प्रिसिंपल कॉरेस्पोंडेंट की भूमिका में थे। वहीं दूसरी तरफ यतेंद्र शर्मा को असोसिएट एडिटर से प्रमोट कर इनपुट हेड बना दिया गया है।
अजय कुमार का इंडिया न्यूज में ये दूसरा प्रमोशन है। 6 साल पहले तक वे यहां असाइनमेंट कोऑर्डिनेटर के तौर पर अपनी भूमिका निभा रहे थे। वे पिछले एक दशक से ‘इंडिया न्यूज’ के साथ जुड़े हुए थे। इंडिया न्यूज से पहले वे ‘वॉयस ऑफ इंडिया’ न्यूज चैनल में असोसिएट प्रड्यूसर के तौर पर कार्यरत थे। अजय कुमार लंबे समय से असाइनमेंट डेस्क देख रहे हैं। उनकी गिनती तेज-तर्रार पत्रकारों में की जाती है। डीडी न्यूज में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी हैं। साल 2005 से 2008 तक उन्होंने यहां असाइनमेंट कोऑर्डिनेटर के पद पर काम किया है। इसके पहले वे भोपाल के हिंदी दैनिक ‘ताज एक्सप्रेस’ के साथ बतौर सब एडिटर जुड़े हुए थे।
मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले अजय कुमार ने माखन लाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई की है और इसके बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत ‘एकताचक्र’ मैगजीन से की है।
वहीं यतेंद्र शर्मा पर इंडिया न्यूज यूपी/उत्तराखंड के अलावा नेशनल चैनल की जिम्मेदारी होगी। वे भी करीब एक दशक से इंडिया न्यूज के साथ जुड़े हुए हैं। यतेंद्र मूल रूप से यूपी के हाथरस के रहने वाले हैं।
यतेंद्र शर्मा कई राज्यों के विधानसभा के चुनावी नतीजों का सटीक आंकलन कर चर्चा में आए थे। उन्होंने गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड और त्रिपुरा,  के चुनावीं नतीजों का भी सटीक प्रिडिक्शन कर न केवल एग्जिट पोल में बाजी मारी थी, बल्कि उन्होंने इन प्रदेशों में बनने वाले नए मुख्यमंत्री के नाम की भी सबसे पहले जानकारी दी थी और अपने सूत्रों के आधार पर सिर्फ एक ही नाम बताया था। यतेंद्र शर्मा कई सालों से बीजेपी और संघ को कवर कर रहे हैं, ऐसे में उनकी दोनों संगठनों पर उनकी काफी अच्छी पकड़ है। वे कई बड़े नेताओं जैसे लाल कृष्ण आडवाणी, नितिन गडकरी, अरुण जेटली, शिवराज सिंह चौहान, रमन सिंह आदि के साथ वन-टू-वन इंटरव्यू भी कर चुके हैं। मुलायम सिंह यादव द्वारा गोद लिए गए आदर्श गांव की दयनीय स्थिति पर भी उनकी रिपोर्ट ने खूब चर्चा बटोरी थी। वे इंडिया न्यूज में एंकरिंग भी कर चुके हैं
Sabhar- samachar4media.com